राजनीति
रायपुर में बंद मकान से लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए चोर, जांच में जुटी पुलिस
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय कारोबारी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव गया हुआ था। घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
मामला बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार का है, जहां सीताराम गुप्ता रहते हैं। मकान के भूतल पर उनकी "केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स" नाम से दुकान संचालित होती है। जानकारी के मुताबिक, सीताराम गुप्ता 19 अक्टूबर को परिवार के साथ नवरात्रि मनाने अपने पैतृक गांव खटखरी, जिला मऊगंज/रीवा (मध्य प्रदेश) गए थे। घर में ताला लगाकर जाने के बाद 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे जब वे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर पहुंचने पर कमरे में रखी आलमारी का लॉक भी टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, लगभग 2 किलो चांदी के आभूषण और 5 से 8 लाख रुपये नकद ले गए।
चोरी गए सामान में शामिल हैं:
- सोने के आभूषण: मंगलसूत्र, मनचली, हार, झुमकी और अंगूठी सहित करीब 7-8 तोला सोना।
- चांदी के जेवर: करधन, अधकमरी, पायल, छागल, बिछिया और बच्चों के आभूषण सहित करीब 2 किलो चांदी।
- नकदी: लगभग 5 से 8 लाख रुपये।
पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुई नकदी में 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। शेष रकम कारोबार से संबंधित बताई गई है। प्राथमिकी और पुलिस रिकॉर्ड में चोरी गई संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 7.50 लाख रुपये से अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, पीड़ित द्वारा बताई गई नकदी और जेवरात के आधार पर कुल नुकसान का वास्तविक आकलन इससे अधिक हो सकता है।
घटना के बाद पीड़ित ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।