राजनीति
सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान खुला नक्सली डंप का राज, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुष्पपाल क्षेत्र के घने जंगलों में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया है। मौके से पिस्टल, वॉकी-टॉकी, वायर और भारी मात्रा में बारूद समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
बताया जा रहा है कि रविवार को सुरक्षाबलों की टीम पुष्पपाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध डंप होने की जानकारी मिली। डंप की जांच करने पर बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
डंप में एक पिस्टल, करीब छह वॉकी-टॉकी, बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले वायर और बड़ी मात्रा में बारूद सहित अन्य नक्सली सामग्री मिली है। विस्फोटक सामग्री को देखते हुए जवानों ने सावधानी बरतते हुए बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की मदद ली। टीम ने सभी सामग्री को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
जमीन के नीचे छिपे हथियारों की तलाश जारी
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश के बाद भी जंगलों और जमीन के नीचे पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री मिलने की संभावना बनी हुई है। इसी के चलते सुरक्षाबल ऐसे संभावित ठिकानों की लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।
पुष्पपाल क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से कैंप लौट आए हैं। पुलिस की ओर से बरामद सामग्री और कार्रवाई को लेकर जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।