प्लेटफॉर्म पर मौत के मुंह के करीब थी नवजात, भेजी गई दत्तक गृह
पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया, जहां चांपा रेलवे स्टेशन पर एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। यह घटना 9 दिसंबर की है, जब प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर करीब 10 से 15 दिन की एक नवजात बालिका अकेली पड़ी मिली।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित संरक्षण देने का फैसला किया। समिति के आदेश के बाद बच्ची को कोरबा स्थित विशेषीकृत दत्तक ग्रहण संस्थान भेज दिया गया है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेंद्र सिंह जायसवाल ने बताया कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी सेहत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास को लेकर विभाग लगातार सतर्क है।