राजनीति
धमतरी के लॉज में 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में एक लॉज के कमरे से 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुर के रूप में हुई है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीजी 05 रेस्टोरेंट-लॉज का है। जानकारी के मुताबिक पिंकी मानिकपुर 24 सितंबर से लॉज में ठहरी हुई थी। रविवार सुबह लॉज के एक कमरे में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जांच के दौरान पुलिस लॉज के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही युवती के लॉज में पहुंचने, उसके ठहरने और वहां रहने के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवती कमरे में अकेली ठहरी थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था।
घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। जानकारी मिलने के बाद परिजन धमतरी पहुंच गए हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।