पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर अंतर्गत ग्राम तोरला में वर्ष 2017 में करीब 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित मुक्तिधाम तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच के संरक्षण में मुरूम माफिया द्वारा जल संसाधन विभाग के नाले से कथित रूप से अवैध मुरूम उत्खनन कर उसे बेच दिया गया। इसके चलते नाले की संरचना प्रभावित हुई और पानी के तेज बहाव में मुक्तिधाम जाने वाला एकमात्र रास्ता बह गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग केवल मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए ही नहीं, बल्कि करीब 200 एकड़ कृषि भूमि तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता भी है। रास्ता बह जाने से लगभग 20 से 25 किसान अपने खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और उन्हें खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार खनिज विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अभनपुर से शिकायत की। शिकायत के बाद अब जांच अधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित अवैध मुरूम उत्खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मुक्तिधाम और खेतों तक पहुंचने वाले मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रास्ते के क्षतिग्रस्त होने के पीछे वास्तविक कारण क्या है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

User 1






.jpeg)






