पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोडाउन से धान चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी गया 11 बोरी धान, एक ई-रिक्शा और एक आईफोन मोबाइल सहित कुल 4.12 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर की रात नया बस स्टैंड के पीछे स्थित आर.एल. एग्रोटेक गोदाम से प्रार्थी विजय लालवानी के धान गोदाम की खिड़की की जाली तोड़कर अज्ञात चोरों ने 11 बोरी आर.बी. धान (प्रत्येक बोरी लगभग 40 किलो) जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रुपये है, चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 109/25, धारा 331(4), 305(a), 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर जांच तेज की और 12 नवंबर को सोरिद नगर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति को धान बेचने की फिराक में घूमते देखा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम हर्ष मानिकपुरी (22 वर्ष), पिता अशोक मानिकपुरी, निवासी बठेना वार्ड, धमतरी बताया और अपराध कबूल किया।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी दुष्यंत साहू (निवासी स्टेशनपारा, धमतरी) के साथ मिलकर गोदाम की खिड़की की जाली तोड़कर चोरी की थी। धान को ई-रिक्शा (क्रमांक CG-05-AR-7019) में भरकर सब्जी मंडी के पास छिपा दिया गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया धान, ई-रिक्शा और आईफोन 16 प्रो मोबाइल को जब्त कर लिया। कुल बरामद माल की कीमत लगभग ₹4,12,000 बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

User 1














