पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंगारी गांव की सरपंच के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मकान से लाखों रुपये मूल्य के सागौन के चिरान और गोले बरामद किए, जिन्हें दो माजदा वाहनों में भरकर वन विभाग के काष्ठागार भेज दिया गया। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की टीम ने मंगलवार को बालोद वन परिक्षेत्र के अंगारी गांव में यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि, जब्त लकड़ी की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन अभी जारी है। विभाग का कहना है कि बुधवार को गणना पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बरामद सागौन के चिरान और गोलों की गिनती की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी कहां से लाई गई और किस आरा मिल में इसका चिरान कराया गया। जांच के दौरान मकान में सागौन से बने कुछ फर्नीचर भी मिले हैं, जिनकी वैधता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग अब लकड़ी के स्रोत, परिवहन और प्रसंस्करण से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है। यदि जांच में अवैध कटाई, परिवहन या आरा मिल की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में नए खुलासे हो सकते हैं।

User 1









