पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश संगठन का चुनाव रविवार को सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। नामांकन प्रक्रिया के बाद शेखर वर्मा को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। निर्वाचन अधिकारी के रूप में के.आर. श्रीवास और हीरालाल साहू ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई।
नई कार्यकारिणी में कुबेर चंद्राकर को महासचिव बनाया गया है। वहीं दिलीप टिकरिहा, मोहन चंद्राकर, माशीष साहू, ईश्वर पटेल और पुनारद निषाद को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। ललित साहू को कोषाध्यक्ष, विनोद रात्रे और दिनेश सरसीह को उप कोषाध्यक्ष, विजय चंद्रवंशी और गुलाब साहू को उप सचिव, देवेंद्र संभाकर को संगठन मंत्री तथा रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, गोविंद यादव, गैरी बघेल, नोहर साहू और नागेश वर्मा को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को प्रदेशभर में और अधिक मजबूत बनाने तथा छत्तीसगढ़िया व्यापारियों एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। महासंघ लंबे समय से प्रदेश के व्यापारियों और उद्यमियों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। संस्था व्यापारियों को संगठित करने, उनके व्यवसाय को सशक्त बनाने और बदलते कारोबारी परिवेश के अनुरूप प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही है।
महासंघ का वार्षिक "शून्य से शिखर तक" सम्मान समारोह भी प्रदेश में विशेष पहचान रखता है, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों और उद्यमियों को सम्मानित किया जाता है। इसके अलावा संस्था रक्तदान शिविर, गर्मी में शरबत वितरण, महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम सहित विभिन्न सामाजिक और जनहितकारी गतिविधियों का भी नियमित आयोजन करती है।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि महासंघ आने वाले समय में छत्तीसगढ़िया व्यापारियों और उद्योग जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और नए अवसर उपलब्ध कराने के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

User 1.jpg)






.jpeg)






