पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ की अभनपुर इकाई के तत्वावधान में शनिवार को व्यापारियों के व्यक्तित्व विकास और व्यवसायिक उन्नति को लेकर एक दिवसीय व्यापारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों और युवा उद्यमियों ने भाग लेकर आधुनिक व्यापार, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावसायिक उपयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कॉर्पोरेट ट्रेनर एवं मोटिवेशनल स्पीकर नरेंद्र देवांगन ने प्रभावी संवाद कौशल, नेतृत्व विकास, सेल्स एवं बिजनेस ग्रोथ, उद्यमिता तथा AI के व्यवसाय में उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में व्यापारियों को नई तकनीकों को अपनाकर अपने व्यवसाय को प्रतिस्पर्धी बनाना होगा।
वहीं पर्यावरण विशेषज्ञ एवं मोटिवेशनल स्पीकर रजनी चंदवंशी ने महिला सशक्तिकरण, व्यवहारिक नेतृत्व, संबंध प्रबंधन, कार्य-जीवन संतुलन, सॉफ्ट स्किल्स, कम्युनिकेशन और काउंसलिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने व्यापार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ ने संगठन का विस्तार करते हुए अभनपुर इकाई का गठन किया। सर्वसम्मति से लालजी साहू को अध्यक्ष और नारायण साहू को उपाध्यक्ष चुना गया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को पौधों का वितरण किया गया तथा वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। व्यापारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया, ईश्वर पटेल, कुबेर चंद्राकर, त्रिलोचन साहू, ललित साहू, दिलीप निर्मलकर, डोमेंद्र साहू, मन्नू पटेल, चंद्रकांत साहू, झम्मन साहू, सत्या बंजारे, परमेश्वर साहू, रितेश सिन्हा, मनोहर साहू सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को व्यापारियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

User 1















