पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के बठेना पारा, जेल रोड, बुढ़ादेव मंदिर के पास एक भयावह घटना सामने आई है। 1 सितंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे 22 वर्षीय लोमन ध्रुव उर्फ गोलु ने खर्चे के लिए मां पुर्णिमा ध्रुव और नानी लखनतीन बाई ध्रुव से पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखे लकड़ी के डंडे से दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में मां पुर्णिमा ध्रुव के सिर, चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आईं, जबकि नानी लखनतीन बाई ध्रुव के सिर, चेहरे, कान, नाक, हाथ, पैर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, लेकिन उपचार के दौरान नानी की मौत हो गई। मां का उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी धमतरी ने तत्काल राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने रातभर कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में धारा 103(1) और 109(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना स्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए और आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया। लोमन ध्रुव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। किसी भी गंभीर परिस्थिति या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

User 1













