Header Ad


युवती को 100 मीटर तक घसीटने वाला झपटमार गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,जगदलपुर। शहर में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर झपटमारी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले नकाबपोश बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वही युवक है, जिसने पर्स छीनने के दौरान एक युवती को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीट दिया था। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला काफी चर्चाओं में रहा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजमन यादव (19) निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम के रूप में हुई है। वह बाइक पर नकाब लगाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता था और सुनसान स्थानों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं व युवतियों को निशाना बनाता था। आरोपी तेज रफ्तार बाइक से पीछे से पहुंचकर पर्स या बैग झपट लेता और मौके से फरार हो जाता था। बैग से नकदी व कीमती सामान निकालने के बाद वह बैग और मोबाइल को रास्ते में फेंक देता था।

2 जुलाई की शाम हुई एक झपटमारी का सीसीटीवी वीडियो सामने आया था, जिसमें आरोपी पर्स छीनने के दौरान युवती को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले जाता दिखाई दिया। इस घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था।

28 जून को सिरहासार चौक के पास एक महिला का पर्स छीनने की घटना के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 2 जुलाई और 5 जुलाई को भी इसी तरह की झपटमारी की घटनाएं सामने आईं। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर टीम को सक्रिय किया गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई।

6 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दलपत सागर की ओर से पावर हाउस चौक की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4 सहित कुल 9 झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था। उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से की।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BASTAR NEWS, JAGDALPUR NEWS, BASTAR JAGDALPUR NEWS, YUVTI KO 100MITAR TAK GHASITA NEWS, YUVTI KO GHASITNE VALA JHPATMAR GIRAFTAAR NEWS,

You might also like!


RAIPUR WEATHER