पब्लिक स्वर। भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान की करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। टीम में चयन के बाद सरफराज ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम की ट्रेनिंग किट में अपनी तस्वीर साझा की। इसके साथ ही उन्होंने अपने पिता और कोच नौशाद खान के साथ भी तस्वीर पोस्ट की, जो उनके क्रिकेट सफर में बेहद अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
सरफराज की वापसी ऐसे समय हुई है, जब भारतीय टेस्ट टीम कई खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। बीसीसीआई ने रविवार शाम साई सुदर्शन की जगह सरफराज को टीम में शामिल किए जाने की जानकारी दी। सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। बीसीसीआई के अनुसार उनकी रिकवरी अच्छी तरह चल रही है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
साई सुदर्शन को पिछले महीने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लगी थी। इसी दौरे पर उन्होंने लगातार दो शतक लगाकर शानदार फॉर्म दिखाई थी।
सरफराज ने 7 अगस्त को सोशल मीडिया पर तेलुगु फिल्म ‘जर्सी’ की एक तस्वीर भी साझा की थी। उन्होंने लिखा था कि वह शायद हर जगह फिट न बैठें, लेकिन पूरी ताकत के साथ लड़ते रहेंगे। अब भारतीय टेस्ट टीम में वापसी के बाद उनकी यह पुरानी पोस्ट भी चर्चा में आ गई है।
नवंबर 2024 में खेला था आखिरी टेस्ट
सरफराज ने अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था। उस सीरीज में भारत को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। सरफराज ने सीरीज के दूसरे टेस्ट में शानदार शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रदर्शन किया था।
इसके बाद 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन पांच मैचों की सीरीज में उन्हें अंतिम एकादश में खेलने का मौका नहीं मिला। भारत को इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-4 से हार झेलनी पड़ी थी।
घरेलू क्रिकेट में जारी रखा शानदार प्रदर्शन
टीम इंडिया से बाहर रहने के बावजूद सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाए। 28 वर्षीय बल्लेबाज ने 62 फर्स्ट क्लास मैचों में 64.73 की औसत से 5,114 रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 16 अर्धशतक दर्ज हैं। 2025-26 रणजी सीजन में भी उन्होंने मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन किया और नौ पारियों में 429 रन बनाए।
हाल के समय में सरफराज ने अपनी फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया है। ट्रेनिंग के जरिए उन्होंने अपना वजन कम किया और फिटनेस में सुधार किया है। ऐसे में श्रीलंका दौरा उनके लिए भारतीय टीम में अपनी जगह दोबारा मजबूत करने का बड़ा मौका माना जा रहा है।
चोटों से जूझ रही है भारतीय टीम
श्रीलंका सीरीज से पहले भारतीय टीम कई प्रमुख खिलाड़ियों की चोट से प्रभावित है। जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हैं। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे। वहीं हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और आकाश दीप भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।
कप्तान शुभमन गिल को भी नेट्स के दौरान दाएं हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगी थी। हालांकि, वह वॉर्म-अप मैच के तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल के साथ बल्लेबाजी के लिए उतरे और 44 रन बनाए।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। सरफराज इस मुकाबले से पहले टीम के साथ जुड़ेंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में लौटे सरफराज को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं।
घरेलू क्रिकेट में लगातार रन, शानदार फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड और फिटनेस पर किए गए काम के बाद सरफराज के पास एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का मौका है।
श्रीलंका सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी और सरफराज खान।

User 1












