पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं के बाद अब जिले में दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। यहां रहने वाले किसान दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं दूसरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द का है। यहां के निवासी पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाओं के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
तीन दिन पहले भी एक दिन में हुई थीं तीन आत्महत्याएं
गौरतलब है कि 30 जून को धमतरी जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग आत्महत्या की घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड की थी, जहां संजू साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में हुई, जहां गोपाल यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास हुई थी, जहां एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला था। इन सभी मामलों की जांच भी अभी जारी है।
लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने जिले में चिंता का माहौल बना दिया है। हालांकि, इन घटनाओं के बीच किसी तरह का आपसी संबंध या समान कारण सामने नहीं आया है। पुलिस प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

User 1













