पब्लिक स्वर,रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को रायपुर में आयोजित होने वाले नुआखाई पर्व में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। मुलाकात के दौरान विधायक ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोकाचार, सामाजिक समरसता और नुआखाई पर्व के महत्व की जानकारी दी।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि नुआखाई केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा है। यह पर्व पारिवारिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक माना जाता है। उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की पावन परंपरा से जुड़े नुआखाई पर्व का छत्तीसगढ़ में विशेष सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है।
मुलाकात के दौरान विधायक ने नुआखाई पर्व के आयोजन और इससे जुड़ी परंपराओं के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण देना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति का नुआखाई पर्व में सान्निध्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति परंपरा के लिए गौरव का विषय होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति की सहभागिता से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और नुआखाई पर्व की परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक पहचान मिलेगी।

User 1












