पब्लिक स्वर,रायगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की प्रस्तावित पेलमा ओपन कास्ट कोल माइन परियोजना के लिए सोमवार को ग्राम पेलमा में आयोजित लोक सुनवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों ने भाग लेकर परियोजना से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव रखे।
यह लोक सुनवाई भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना 14 सितंबर 2006 (संशोधित) के प्रावधानों के तहत आयोजित की गई। सुनवाई की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने की, जबकि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) के क्षेत्रीय अधिकारी मानवेंद्र शेखर पांडेय की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
प्रस्तावित परियोजना लगभग 2077.934 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जानी है, जिसकी उत्पादन क्षमता 15 मिलियन टन प्रतिवर्ष (MTPA) प्रस्तावित है। परियोजना का प्रभाव ग्राम पेलमा, उरबा, मडुआडूमर, लालपुर, हिंझर, जरिडीह, सक्ता, मिलूपारा और खर्रा सहित आसपास के क्षेत्रों पर पड़ने की संभावना है।
लोक सुनवाई के दौरान SECL के अधिकारियों ने परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही पर्यावरणीय प्रभाव आंकलन (EIA) रिपोर्ट, पर्यावरण प्रबंधन योजना और सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी भी आमजन के सामने रखी गई। ग्रामीणों ने रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर अपनी अपेक्षाएं और सुझाव साझा किए।
कई ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के बढ़ने की संभावना जताई। वहीं महिला प्रतिभागियों ने स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के विस्तार की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान SECL और परियोजना से जुड़े पक्षों द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों ने इन पहलों पर अपने विचार रखे और क्षेत्रीय विकास की जरूरतों को सामने रखा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लोक सुनवाई निर्धारित दिशा-निर्देशों और पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को नियमानुसार आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

User 1








