पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सेहराडबरी के पास एक स्कूली बस में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 25 बच्चे, एक शिक्षक, ड्राइवर और हेल्पर समेत कुल 28 लोग सवार थे। बस से धुआं निकलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस रोक दी और सभी बच्चों व शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह बस विद्या कुंज स्कूल की बताई जा रही है। बस से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर बच्चों और शिक्षक में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बिना देरी किए बस रोक दी। इसके बाद बच्चों और शिक्षक को बस से बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में बस में आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे या शिक्षक को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद बच्चों और शिक्षक को दूसरी बस की मदद से स्कूल पहुंचाया गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली। बस में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

User 1













