पब्लिक स्वर। देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि आज, 11 दिसंबर है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर फॉर्म वितरित कर रहे हैं और उन्हें वापस ले रहे हैं, लेकिन अब भी हजारों फॉर्म आयोग तक नहीं पहुंचे हैं।
मतदाता सूची सुधार के लिए जरूरी प्रक्रिया
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए अनिवार्य है। इसके तहत नए 18+ मतदाताओं का पंजीकरण किया जाता है, वहीं मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाया जाता है। गलत नाम, पते और अन्य त्रुटियों के सुधार भी इसी प्रक्रिया में किए जाते हैं।
फॉर्म जमा नहीं करने वालों को मिलेगा नोटिस
BLO मतदाताओं के घरों तक तीन-तीन बार पहुंच रहे हैं, लेकिन कई लोग अब भी फॉर्म जमा नहीं कर रहे हैं। आयोग ने संकेत दिया है कि ऐसे मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा और आवश्यक होने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी शामिल किए गए हैं, जो BLO के साथ मिलकर सूचियों की जांच में सहयोग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में बड़ी टीम तैनात
राज्य में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाताओं के लिए SIR प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 24,371 BLO और 38,846 BLA को नियुक्त किया गया है। कई बूथों पर BLO संपर्क नहीं कर सके या मतदाता अनुपस्थित मिले, जिसकी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है।
समय-सीमा बढ़ी, नई ड्राफ्ट लिस्ट 16 दिसंबर को
चुनाव आयोग ने 30 नवंबर को SIR की समय-सीमा एक सप्ताह बढ़ा दी थी।
* वोटर वेरिफिकेशन की अंतिम तिथि अब 11 दिसंबर है (पहले 4 दिसंबर थी)।
* ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 16 दिसंबर को जारी होगी (पहले 9 दिसंबर निर्धारित थी)।
* अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
BLA को मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की सूची मिलेगी
आयोग ने राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बूथवार मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित या डुप्लीकेट वोटरों की सूची तैयार कर जल्द ही बूथ एजेंटों को उपलब्ध करवाई जाए। बिहार में SIR प्रक्रिया के दौरान भी यही मॉडल अपनाया गया था।

User 1













