पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं कांग्रेस की उम्मीदवार फूलों देवी नेताम अभी नामांकन दाखिल नहीं कर पाई हैं और वह कुछ ही देर में अपना नामांकन दाखिल करने वाली हैं।
कांग्रेस ने एक बार फिर फूलो देवी नेताम पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। वह वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें उनका नाम भी शामिल है, लेकिन पार्टी ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें दोबारा मौका दिया है।
कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर कई बड़े नामों पर चर्चा चल रही थी। संभावित दावेदारों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव के नाम शामिल बताए जा रहे थे। हालांकि अंत में पार्टी हाईकमान ने फूलो देवी नेताम के नाम पर मुहर लगा दी।
वहीं भाजपा ने राज्यसभा के लिए वरिष्ठ महिला नेता लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी हाईकमान ने संभावित उम्मीदवारों के लिए सात नामों के पैनल में से तीन नामों को अंतिम चरण में रखा था। इनमें नारायण चंदेल, कृष्णमूर्ति बंधी और लक्ष्मी वर्मा शामिल थीं।
भाजपा में लंबे समय से यह चर्चा थी कि राज्यसभा के लिए संगठन और सामाजिक समीकरण के साथ ही मातृशक्ति को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इसी रणनीति के तहत करीब 30 साल से सक्रिय राजनीति में रहीं लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।

User 1










