कोंडागांव CAF कैंप में जवान ने खुद को मारी गोली, जांच के निर्देश



post

पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले से एक दुखद और गंभीर घटना सामने आई है। जिले के फरसगांव क्षेत्र स्थित सीएएफ (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) कैंप में तैनात एक जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र नेताम उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के सीएएफ कैंप में तैनात थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही उरंदाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज चंद्रा भी तत्काल मर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने मृतक जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।


मानसिक तनाव की आशंका, सभी पहलुओं की होगी जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि जवान ने किसी निजी कारण से मानसिक तनाव में आकर यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। एसपी पंकज चंद्रा ने उरंदाबेड़ा थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि मामले की हर एंगल से गहन और निष्पक्ष जांच की जाए। पुलिस जवान के व्यक्तिगत, पारिवारिक और सेवा संबंधी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।


कई सवाल छोड़ गई घटना

ड्यूटी के दौरान एक जवान द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की इस घटना ने सुरक्षा बलों में मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KONDAGAONNEWS BASTARNEWS CAFAMPNEWS CAFCAMPMEJAANNEKIKHUDKUSHINEWS CAFCAMPMEJAVANNEKHUDKOMARIGOLINEWS

You might also like!