पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तायुक्त कीटनाशक और अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले में कीटनाशक विक्रय केंद्रों के निरीक्षण की कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर विभागीय निरीक्षक लगातार कृषि दुकानों में औचक जांच कर रहे हैं। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के संधारण में अनियमितता मिलने पर तीन कृषि आदान विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विकासखंड पलारी के कीटनाशक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने ग्राम संडी स्थित महेंद्र कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां कैश मेमो और स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाया गया। इसके बाद संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसी गांव में स्थित भगत कृषि सेवा केंद्र की जांच के दौरान भी स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं मिला। विभाग ने संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं ग्राम कोदवा स्थित कौटिल्य कृषि सेवा केंद्र के निरीक्षण में कैश मेमो का उचित संधारण नहीं पाया गया, जिसके चलते यहां भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कई अन्य कृषि केंद्रों की भी जांच
निरीक्षण अभियान के तहत विकासखंड सिमगा के कीटनाशक निरीक्षक ऑलिव मेरी कुजूर ने किसान कृषि केंद्र, दामाखेड़ा का औचक निरीक्षण किया और संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विकासखंड कसडोल के निरीक्षक धनेश्वर साय ने ग्राम कटगी में संचालित साहजित कृषि सेवा केंद्र और तकिम कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया।
वहीं विकासखंड भाटापारा के कीटनाशक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने ग्राम कोदवा स्थित हितेश कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर विभाग की नजर
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कृषि आदान विक्रेताओं के लिए उर्वरक, बीज और कीटनाशक सहित अन्य सामग्री के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का नियमित और सही तरीके से संधारण करना अनिवार्य है। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक में प्रत्येक आवक तथा बिक्री का अद्यतन विवरण दर्ज होना चाहिए।
उपसंचालक कृषि दीपक नायक ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को शासन के निर्धारित नियमों और प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और अनियमित बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

User 1









