पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के बूढ़ापारा इलाके में जेवर बनाने के लिए दिया गया करोड़ों रुपये का फाइन गोल्ड लेकर कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। ज्वेलर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कारीगर के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोने की कीमत करीब 2.36 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बूढ़ापारा स्थित मां महालक्ष्मी ज्वेलर्स के वर्कशॉप में कारीगर के तौर पर काम करने वाले शुभांकर हलदार को ज्वेलर तापस सामता ने 15 अप्रैल को जेवर बनाने के लिए फाइन गोल्ड दिया था। आरोप है कि शुभांकर ने सोने से जेवर तैयार करने के बजाय उसका स्वयं उपयोग कर लिया और बाद में फरार हो गया।
काफी समय बीतने के बाद भी सोना वापस नहीं मिलने पर ज्वेलर ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुभांकर हलदार के खिलाफ धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि शिकायत घटना के करीब चार महीने बाद दर्ज कराई गई है। पुलिस अब आरोपी कारीगर की तलाश करने के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सोने की सुपुर्दगी, आरोपी के फरार होने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

User 1









