पब्लिक स्वर,अभनपुर। अभनपुर विकासखंड के ग्राम बेलर में 5 जनवरी 2026 की शाम एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। गांव में आयोजित पारंपरिक मंडाई कार्यक्रम के दौरान अवैध लकड़ी के खुलेआम परिवहन से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी की शाम गांव में मंडाई का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग ट्रैक्टर में भारी मात्रा में अवैध अर्जुन लकड़ी लोड कर मंडाई स्थल के बीचों-बीच से ले जाते हुए दिखाई दिए। मंडाई जैसे सार्वजनिक और धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की गतिविधि ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। गांव के रास्तों से शाम ढलते ही लकड़ी माफिया द्वारा नियमित रूप से अवैध लकड़ी का परिवहन किया जाता है। मंडाई के दिन भी यही सिलसिला जारी रहा, जिससे साफ होता है कि लकड़ी माफियाओं को न तो कानून का डर है और न ही प्रशासन का।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी लकड़ी से लदे ट्रैक्टरों का भीड़भाड़ वाले इलाके से गुजरना एक बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। ग्रामीणों का आरोप है की वन विभाग की लापरवाही के कारण यह अवैध कारोबार बेखौफ चल रहा है।
इस घटना ने न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि अवैध लकड़ी तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत को भी उजागर किया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के रास्तों पर निगरानी बढ़ाई जाए और लकड़ी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

User 1













