Header Ad


पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने कर दी पड़ोसी की हत्या, गांव में दहशत



post

पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में बुधवार सुबह एक शराबी युवक ने पत्नी के घर छोड़कर मायके चले जाने से नाराज होकर पड़ोसियों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि 25 वर्षीय नरेंद्र ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हत्या के बाद आरोपी खुद को घर के अंदर बंद कर लिया और पुलिस के सामने करीब सात घंटे तक चुनौती बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी हीरा नागेश (32) ने घर से बाहर निकलने से इनकार कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने गुलेल से हमला कर दिया, जिससे कुछ जवानों के घायल होने की जानकारी है। स्थिति को देखते हुए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे।

घर में छिपे आरोपी को निकालने पुलिस ने अपनाया तरीका

आरोपी के लगातार आक्रामक बने रहने के कारण पुलिस ने घर को घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने मकान की छत के रास्ते अंदर मिर्ची का धुआं छोड़ा। इसके बाद आरोपी बाहर निकला, लेकिन उसने करीब 200 मीटर तक जवानों पर हमला करने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे काबू में लिया और सात घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी के मायके जाने से था नाराज

पुलिस के मुताबिक हीरा नागेश राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी रहा है। कुछ समय पहले उसने दवा लेकर शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के बीच उसने दोबारा शराब का सेवन शुरू कर दिया। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और घर में आए दिन विवाद होने लगा।

बीती रात भी आरोपी का पत्नी जागेश्वरी के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह आरोपी के उठने से पहले ही उसकी पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। सुबह करीब 6 बजे उठने के बाद आरोपी पत्नी की तलाश करने लगा। इसी दौरान उसका नरेंद्र के साथ विवाद हुआ और उसने उस पर हमला कर दिया। नरेंद्र किसी तरह मौके से भाग निकला।

इसके बाद आरोपी ने पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में दहशत, स्कूल और आंगनबाड़ी भी नहीं खुले

सुबह-सुबह हुई हत्या और आरोपी के कई घंटे तक गांव में ही छिपे रहने से पेंड्रा में दहशत का माहौल बन गया। लहूलुहान शव मिलने और आरोपी के लगातार हमलावर बने रहने से ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। भय के चलते गांव में सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं और स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए।

शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। घायल नरेंद्र का उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE POLICE, GARIYABAND NEWS,SOBHA THANA NEWS, GARIYABAND SOBHA THANA NEWS, PADOSI KI HATYA NEWS,PATNI KE MAYKE JANE SE NARAJ PATI NEWS,

You might also like!


RAIPUR WEATHER