राजनीति
तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर मौत
पब्लिक स्वर,बलरामपुर-रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कुसमी से अपने घर लौट रहे दोनों युवक ग्राम गोविंदपुर के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18), पिता रमेश राम, गुरुवार को अपने दोस्त राजू राम के साथ किसी काम से कुसमी आया था। शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक क्रमांक CG 30 F 7908 से अपने गांव लौटने के लिए रवाना हुए थे।
इसी दौरान शाम करीब 5:20 बजे ग्राम गोविंदपुर के पास जशपुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस और उनकी बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और बाइक दोनों की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना ग्राम कोटवार जयप्रकाश ने कुसमी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों को फोन के माध्यम से हादसे की सूचना दी गई।
दो घरों में पसरा मातम
हादसे में दो युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में कुछ देर पहले तक अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।