पब्लिक स्वर,सरगुजा। सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-343 (अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग) पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार यात्री बस की टक्कर के बाद उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई, जिससे वे कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसा इतना भयावह था कि सिर कुचल जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी घाट के पास सोमवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर की ओर जा रही राजधानी बस ने बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और वे काफी दूर तक सड़क पर घिसटते रहे।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजा। बाद में मृतक की पहचान पुलिस लाइन अंबिकापुर में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा के रूप में हुई।
बताया गया कि श्रीराम लकड़ा गांधीनगर थाने के पीछे स्थित पुलिस क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने और फोन रिसीव नहीं करने पर परिजनों को लगा कि वे किसी जरूरी ड्यूटी में व्यस्त होंगे। मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक आरक्षक ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे।
रिश्तेदारों के अनुसार, श्रीराम लकड़ा का पैतृक गांव बतौली के पास रायगढ़ रोड पर स्थित है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय वे बतौली की ओर जा रहे थे या वहां से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अभी तक दुर्घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हेड कॉन्स्टेबल बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोतवाली पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

User 1














