राजनीति
रायपुरवासियों के लिए इस बार गरबा होगा खास! बंपर इनाम और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का देखने मिलेगा संगम
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में पारंपरिक डांडिया और गरबा का लोकप्रिय आयोजन ‘रायपुर रास’ सीजन-5 इस बार भी भव्य अंदाज में आयोजित होने जा रहा है। आगामी 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर समिति ने कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं और तैयारियों की जानकारी साझा की।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि इस वर्ष ‘रायपुर रास’ में पारंपरिक संस्कृति, छत्तीसगढ़ी लोककला, ग्लैमर और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को खास बनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं, जिनमें पारंपरिक गरबा संगीत, छत्तीसगढ़ी व्यंजन और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ी लोकधुनों के साथ होगी गरबा की शुरुआत
इस बार आयोजन में गरबा की शुरुआत छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से जुड़े सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर की जाएगी। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को गरबा के मंच पर विशेष पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, महोत्सव में ‘गढ़कलेवा कॉर्नर’ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां आने वाले लोग चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा, बेहतर पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के जरिए छत्तीसगढ़ी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले प्रतिभागियों को ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
पारंपरिक गरबा संगीत और ड्रेस कोड रहेगा अनिवार्य
आयोजन समिति के अनुसार, सांस्कृतिक शुद्धता बनाए रखने के लिए दोनों दिन केवल पारंपरिक गरबा गीत ही बजाए जाएंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही, आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कार्यक्रम को पारिवारिक और सुरक्षित माहौल में आयोजित करने के लिए प्रवेश के नियम भी निर्धारित किए गए हैं। समिति के मुताबिक, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों यानी ‘स्टैग बॉयज’ का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसी वेन्यू और लाखों के इनाम होंगे आकर्षण
अक्टूबर की गर्मी और उमस को देखते हुए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा, ताकि प्रतिभागी आरामदायक माहौल में गरबा और डांडिया का आनंद ले सकें।
महोत्सव में आकर्षक उपहारों की भी व्यवस्था की गई है। समिति के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनके जरिए आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत जैसे पर्यटन स्थलों की अंतरराष्ट्रीय यात्राएं दिए जाने की जानकारी दी गई है।
सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, महिला बाउंसर्स और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की योजना है। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी मौके पर उपलब्ध रखने की जानकारी समिति ने दी।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
आयोजन की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष सार्थक शर्मा के साथ ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
आयोजन समिति को उम्मीद है कि ‘रायपुर रास’ सीजन-5 पारंपरिक संस्कृति, आकर्षक प्रस्तुतियों, पारिवारिक माहौल और रोमांचक उपहारों के साथ रायपुरवासियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।