Header Ad


जश्न से मातम में बदला गणेश विसर्जन, दो जगहों पर हिंसक वारदात



post

पब्लिक स्वर,खैरागढ़। गणेश विसर्जन के जश्न के बीच खैरागढ़ जिला मातम और दहशत में डूब गया। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो खूनी घटनाओं ने इलाके का माहौल दहला दिया। पहली घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।


पहली वारदात – खैरागढ़ नगर में चाकूबाजी से युवक की मौत

नगर के दाऊचौरा विसर्जन स्थल पहुंचने से पहले सांस्कृतिक भवन के पास गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक विवाद भड़क गया। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दीपक यादव (21 वर्ष), निवासी दाऊचौरा पर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

कमर और हाथ में गंभीर चोट लगने से दीपक यादव लहूलुहान हो गया। परिजन और साथी उसे तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी युवक फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।


दूसरी वारदात – विचारपुर में सिर पर पत्थर से हमला

छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम विचारपुर में पुरानी रंजिश के चलते गणेश विसर्जन के बाद फिर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि गांव के ही पिताम्बर जंघेल (30 वर्ष) ने लेखराम महार (40 वर्ष) पर रास्ते में पत्थर से हमला कर दिया।

सिर में गंभीर चोट लगने के बाद घायल लेखराम किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल छुईखदान लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।


पुलिस की कार्रवाई

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खैरागढ़ नगर की घटना में आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। वहीं विचारपुर की घटना में भी पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गणेश विसर्जन के उत्सव में घटी इन वारदातों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS KHAIRAGADHNEWS GANESHVISARJANNEWS YUVAKKIHATYANEWS GANESHVISARJANMEMATAMNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER