Header Ad


धमतरी post authorUser 1 09 January 2026

धमतरी में नव आरक्षकों की पहली जनरल परेड, एसपी ने दिया अनुशासन का सख्त संदेश



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में हाल ही में चयनित नव आरक्षकों की सेवा काल की पहली जनरल परेड शुक्रवार को आयोजित की गई। परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने किया। इस दौरान उन्होंने नव आरक्षकों की शारीरिक दक्षता, परेड अनुशासन, वेशभूषा और समग्र प्रस्तुति का बारीकी से निरीक्षण किया।


एसपी परिहार ने परेड के दौरान नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल की पहचान उसके अनुशासन, आचरण और वेशभूषा से होती है। यही गुण आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान पैदा करते हैं। उन्होंने समयपालन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा पर विशेष जोर दिया।


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अच्छा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रोत्साहन दिया जाएगा, वहीं लापरवाही, अनुशासनहीनता और खराब कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आगामी प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासन पाए जाने पर निरीक्षक चन्द्रकांत साहू, सहायक उप निरीक्षक दिनेश चंदेल, प्रधान आरक्षक गिरीश नाग और दौलत मरकाम सहित कई आरक्षकों को सेवा पुस्तिका में प्रशंसा अंकित कर पुरस्कृत किया गया।

वहीं निर्धारित मानकों के अनुरूप वेशभूषा नहीं पाए जाने पर सहायक उप निरीक्षक बिरेन्द्र बैस और आरक्षक शत्रुघन प्रसाद (यातायात शाखा) को सेवा पुस्तिका में निंदा की सजा दी गई और भविष्य में सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।

गौरतलब है कि वर्ष 2024–25 की आरक्षक भर्ती परीक्षा में धमतरी जिले से कुल 108 आरक्षकों का चयन हुआ है। इनमें से वर्तमान में 62 नव आरक्षक ज्वाइन कर चुके हैं, जिनमें 28 महिला और 32 पुरुष आरक्षक तथा 2 ट्रेड आरक्षक शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार 11 जनवरी 2026 को 51 नव आरक्षकों को राजनांदगांव स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आधारभूत प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने अंत में नव आरक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे प्रशिक्षण के दौरान स्वयं को एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और आदर्श पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करें।

इस अवसर पर डीएसपी  मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS DAMTARINEWS NAVARAKCHAKOKIPAHLIJANALPAREDNEWS PAHLIJANRALPAREDNEWS SPNEANUSASANKSAKHTSANDESHNEWS

You might also like!