पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर धमतरी पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी शराब, एक मोबाइल फोन और बिक्री की नकदी समेत कुल 27,510 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली और अर्जुनी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
सिटी कोतवाली पुलिस ने सिंधी समाज श्मशान घाट के सामने नहर नाका, दानीटोला वार्ड क्षेत्र में दबिश देकर गोकुलपुर निवासी दीव्यांशु सिंह को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 53 पौवा देशी शराब, एक मोबाइल फोन और बिक्री की 1,760 रुपये की नकदी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 26 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं, अर्जुनी थाना पुलिस ने काटी तालाब सामुदायिक भवन के सामने राजीव नगर अछोटा में कार्रवाई करते हुए भूपेन्द्र देवांगन को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से 15 पौवा देशी शराब और 310 रुपये की बिक्री राशि बरामद हुई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,510 रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशे के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

User 1













