राजनीति
राज्योत्सव में धमतरी पुलिस का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में उमड़ी भीड़
पब्लिक स्वर,धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में धमतरी पुलिस का जनजागरूकता स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। पुलिस द्वारा लगाए गए ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेकर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में लगाए गए इस विशेष स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को नवीन आपराधिक कानूनों, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति और नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पोस्टर, बैनर, मॉडल और डेमो के जरिए लोगों को सरल तरीके से जागरूक किया गया।
विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू और जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुलिस स्टॉल का निरीक्षण किया।
इस दौरान अतिथियों ने नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और पुलिस के आधुनिक हथियारों एवं उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विषयों की जानकारी देते हुए इस जनहितकारी पहल के उद्देश्य से अवगत कराया। अतिथियों ने धमतरी पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
‘सेल्फी विथ मी’ जोन में दिखा खास उत्साह
पुलिस स्टॉल में बनाया गया ‘सेल्फी विथ मी’ और पुलिस कट-आउट फोटो जोन लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। बच्चों, विद्यार्थियों और युवाओं ने पुलिस जवानों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस पहल के जरिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
साइबर ठगी से बचाव और यातायात सुरक्षा की दी जानकारी
प्रदर्शनी में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड से बचने के तरीके बताए गए। वहीं यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों, नागरिक अधिकारों, नशे के दुष्परिणाम और पुलिस के आधुनिक हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता से भी लोगों को अवगत कराया गया। इस दौरान जागरूकता से जुड़े पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
इस अभियान में पुलिस की आर्मोरर टीम, यातायात शाखा, साइबर सेल और थाना स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टॉल पर पहुंचे लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अपना ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। धमतरी पुलिस की इस पहल ने राज्योत्सव को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों के बीच सुरक्षा, जागरूकता और जनविश्वास का संदेश भी दिया।