पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे ने पहले से शोक में डूबे परिवार को एक और गहरा सदमा दे दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें बड़े भाई के निधन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से अपने गांव धनोरा के लिए रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। जिस परिवार में बड़े भाई के निधन का मातम चल रहा था, उसी परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर पति-पत्नी की मौत का दूसरा बड़ा आघात टूट पड़ा। धनोरा सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

User 1













