नान घोटाले पर कांग्रेस का पलटवार, बोले- भाजपाई झूठ से छिप नहीं सकते रमन सिंह पर लगे दाग
पब्लिक स्वर,रायपुर। मिली जानकारी के अनुसार नान घोटाले पर भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नान घोटाला पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह के दामन पर लगा वह दाग है, जिसे भाजपाई झूठ बोलकर साफ नहीं कर सकते हैं। नान घोटाले में रमन सिंह और उनके स्वजनों के संलिप्त होने के आरोप उनके मुख्यमंत्री रहते लग गया था।
नान घोटाला कांग्रेस सरकार बनने के पहले रमन सरकार के समय उजागर हुआ था, जिसमें गरीबों के राशन में डाका डालकर 36 हजार करोड़ का घोटाला किया गया था। प्रमुख साक्ष्य नान डायरी थी, जो रमन सरकार के समय ही जब्त हुई थी, जिसमें घोटाले के सूत्रधारों का उल्लेख था। सीएम मैडम, सीएम सर, ऐश्वर्या रेसीडेंसी वाली मैडम जैसी प्रविष्टियां नान डायरी में उजागर हुई थीं। इसके बचाव मेें रमन सिंह ने बयान दिया था कि जिस सीएम मैडम का जिक्र किया जा रहा है, वह चिंतामणी चंद्राकर हैं।
शुक्ला ने कहा कि नान घोटाले को तथाकथित मीडिया रिपोर्ट के आधार पर षड़यंत्र बताकर भाजपाई रमन सिंह के घोटाले पर धुंध डालने की कोशिश में लगे हैं। यदि नान में रमन सिंह एंड कंपनी निर्दोष थी, तो तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक नान घोटाले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी की जांच को रोकने हाईकोर्ट में पीआइएल लगाने क्यों गए थे? कौशिक को किस बात का डर था जो एसआइटी की जांच पर स्टे लेकर आये थे?
शुक्ला ने कहा कि नान घोटाले का पर्दाफाश रमन के कार्यकाल में हुआ था। रमन सरकार के दौरान चार्जशीट दाखिल की गई। चार्जशीट में सीएम मैडम, ऐश्वर्या रेसीडेंसी वाली मैडम, सीएम सर जैसे शब्दों पर कुछ क्यों नहीं किया गया? उनके ही अधीन अधिकारियों ने नान डायरी को जब्त किया था। नान दफ्तर में रुपये जब्त किया था, रमन के कार्यकाल में ही मुकदमा दर्ज हुआ। शुक्ला ने कहा कि नान घोटाले के समय सीएम मैडम कौन थी? ऐश्वर्या रेसीडेंसी में कौन रहता था, किसी से छिपा नहीं है। नान ही क्यों रमन सिंह तो अंतागढ़ विधानसभा उपचुनाव मेें कांग्रेस उम्मीदवार को खरीदने, डीकेएस मेें उपकरण खरीदी से लेकर अन्य घोटालोें और पनामा कांड में भी आरोपित हैं, उसका भी उन्हें जवाब देना है।