राजनीति
सुकमा में कचरा डंपिंग ग्राउंड की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन, चारदीवारी जल्द बनाने की मांग
पब्लिक स्वर,सुकमा। सुकमा जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक-2 स्थित कचरा डंपिंग स्थल की बदहाल व्यवस्था को लेकर रविवार सुबह कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष आयशा हुसैन के नेतृत्व में वार्डवासियों और कांग्रेस नेताओं ने डंपिंग ग्राउंड पहुंचकर खुले में कचरा फेंके जाने और सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद शेख नजीर भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के चलते नगर पालिका के कचरा परिवहन में लगे वाहन डंपिंग ग्राउंड परिसर में ही खड़े रहे। कांग्रेस नेताओं और वार्डवासियों ने मौके पर फैली गंदगी का निरीक्षण करते हुए नगर पालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठाए।
खुले में कचरा डालने का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा डंपिंग ग्राउंड में कचरा व्यवस्थित तरीके से निस्तारित करने के बजाय खुले में डाला जा रहा है। इससे आसपास के रहवासियों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
मंजूरी के बाद भी चारदीवारी का काम शुरू नहीं
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि डंपिंग ग्राउंड की चारदीवारी निर्माण को कई महीने पहले मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। चारदीवारी के अभाव में कचरा डंपिंग स्थल से बाहर फैल रहा है, जिससे आसपास का क्षेत्र गंदगी से प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के आसपास रहने वाले लोगों और बच्चों को रोजाना दुर्गंध और गंदगी की समस्या से जूझना पड़ता है। लोगों ने कचरे से संक्रमण फैलने की आशंका जताते हुए नगर पालिका से व्यवस्थित निपटान की मांग की।
वैज्ञानिक तरीके से कचरा निपटाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका से शहर की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने और खुले में कचरा फेंकने की व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने डंपिंग ग्राउंड में कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निपटान के साथ चारदीवारी निर्माण का काम जल्द शुरू करने की मांग रखी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि कचरा स्थल के आसपास रहने वाले लोगों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।