राजनीति
बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिलने पर भड़की कांग्रेस, नेशनल हाईवे जाम
पब्लिक स्वर,जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं आम लोगों को अब तक राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा गरमा गया है। इसे लेकर बुधवार को कांग्रेस ने जगदलपुर में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आमागुड़ा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर यातायात बहाल कराया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा के कारण बस्तर में किसानों और आम नागरिकों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन लंबे समय बाद भी प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत राशि नहीं मिल पाई है। इससे पीड़ित परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार रुपये मुआवजा देने और आपदा प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रभावित किसानों और परिवारों को जल्द राहत नहीं दी गई तथा उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।