राजनीति
सौरभ चंद्राकर को लेकर रायपुर पहुंची CBI की टीम, जल्द होगी कोर्ट में पेशी
पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। करीब 6000 करोड़ रुपये के कथित अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को सीबीआई की टीम मंगलवार शाम रायपुर लेकर पहुंची। उसे दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया है। अब उसे रायपुर स्थित सीबीआई मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाना है।
सौरभ चंद्राकर को हाल ही में ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को उसकी दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की थी। अदालत ने निर्देश दिया था कि आरोपी को 4 नवंबर तक रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाए। बताया जा रहा है कि रायपुर में पेशी के दौरान सीबीआई आरोपी से आगे की पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड मांग सकती है। जांच एजेंसी महादेव ऐप के संचालन, कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क, हवाला के जरिए हुए लेन-देन और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
कभी भिलाई में जूस की दुकान चलाकर करीब 15 हजार रुपये महीने कमाने वाला सौरभ चंद्राकर आज देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन सट्टेबाजी मामलों में प्रमुख आरोपियों में शामिल है। जांच एजेंसियां लंबे समय से इस नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन और इसके पीछे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत के फैसले पर निर्भर करेगी। अदालत से रिमांड मिलने पर सीबीआई सौरभ चंद्राकर से इस पूरे नेटवर्क को लेकर विस्तृत पूछताछ कर सकती है।