पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिल्ली के एक व्यक्ति ने खुद को MSMEPCI (Micro Small Medium Enterprises Promotion Council of India) का चेयरमैन बताकर दो युवकों से 35 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने दोनों युवकों को छत्तीसगढ़ का चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने का लालच दिया था। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
पीड़ितों में विशाल नगर निवासी अनिल कुमार श्रीवास और उनका परिचित रोशन श्रीवास शामिल हैं।
कैसे बढ़ा ठगी का खेल?
जानकारी के मुताबिक, 5 अप्रैल 2023 को अनिल की मुलाकात विजय कुमार चौरसिया से जोरा स्थित एक होटल में हुई थी। चौरसिया ने खुद को MSMEPCI का चेयरमैन बताते हुए दावा किया कि यह संस्था केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त है और पूरे देश में पदों पर नियुक्तियां हो रही हैं।
आरोपी ने अनिल को वाइस चेयरमैन और रोशन को चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव दिया।
वहीं पद के एवज में उसने 15 लाख और 20 लाख रुपए की मांग की। साथ ही हर महीने 1 लाख रूपए वेतन और सरकारी आवास का लालच भी दिया गया।
किस्तों में दिए 35 लाख रुपए
6 अप्रैल 2023 को पीड़ितों से 2-2 लाख रुपए कैश लिए गए। इसके बाद अप्रैल से दिसंबर 2023 के बीच अलग-अलग भुगतानों में कुल 35 लाख रुपए आरोपी को दिए गए। भुगतान कैश और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किया गया।
आरोपी ने युवकों को फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड भी सौंपे।
सैलरी न मिलने पर खुला राज
जब कई महीनों तक न वेतन मिला और न ही सुविधाएँ, तब पीड़ितों को शक हुआ। दोनों ने जब पैसा वापस माँगा तो आरोपी ने अभद्र भाषा में धमकी देते हुए कहा —
“जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।”
इसके बाद पीड़ितों ने अभनपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस करेगी गिरफ्तारी, टीम दिल्ली रवाना
अभनपुर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित क्रेडा (CREDA) से जुड़े थे और ऊँचे पद के लालच में आकर बड़ी रकम दे बैठे। आरोपी द्वारा जारी ज्वॉइनिंग लेटर भी दिल्ली से तैयार किया गया था। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी को पकड़ने टीम को दिल्ली भेजा जा रहा है।

User 1






.jpeg)







