पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में बुधवार को भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल ग्रामीण का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से लगे क्षेत्र में एक भालू की मौजूदगी की सूचना पहले ही ग्रामीणों को मिल गई थी। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था और इसकी जानकारी वन विभाग को भी दी थी। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास स्थित जंगल में एक मृत भालू के निकट मादा भालू मौजूद थी, जिससे क्षेत्र में खतरा बढ़ गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि विभाग ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की होती या भालू को रेस्क्यू करने के प्रयास किए होते, तो इस दर्दनाक घटना को टाला जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग द्वारा भालू की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल मृतकों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है। मामले में वन विभाग की ओर से आधिकारिक बयान आना बाकी है। इस घटना से संबंधित अपडेट लगातार सामने आ रहे हैं।

User 1









