राजनीति
आरंग डबल मर्डर का खुलासा: मां की मौत को जादू-टोने से जोड़कर पड़ोसी ने की बुजुर्ग दंपति की हत्या!
पब्लिक स्वर,आरंग/रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ग्राम बिरबिरा में हुए बुजुर्ग दंपति के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, अपनी मां की मौत के लिए जादू-टोने को जिम्मेदार मानकर रंजिश रखने वाले 22 वर्षीय पड़ोसी युवक ने सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की धारदार हथियारों से हत्या कर लूटपाट की थी। पुलिस ने आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, हंसिया, खून से सने कपड़े और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
घर में मिले थे बुजुर्ग दंपति के शव
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने थाना आरंग में सूचना दी कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की उनके घर में घुसकर अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के अलग-अलग कमरों में दंपति के शव खून से लथपथ हालत में मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर गांव के ही प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मां की मौत को लेकर पाल रखी थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। वह इसके लिए बुजुर्ग दंपति के कथित जादू-टोने को जिम्मेदार मानता था और इसी बात को लेकर उनके प्रति रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को यह भी जानकारी थी कि दंपति के पास जमीन है और आसबती साहू सोने-चांदी के आभूषण पहनती थीं।
रात में घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर घर से निकला। वह पड़ोसियों की छतों के रास्ते सदाशी साहू के मकान की छत तक पहुंचा और वहां से नीचे उतरकर घर में दाखिल हुआ। पुलिस का आरोप है कि उसने पहले सदाशी साहू पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर भी कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने मृतिका के शरीर से सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य छिपाने के इरादे से उसने हथियारों को नाली में धोया और एक सफेद बोरी में रखकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
हथियार और जेवर बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और हंसिया, खून से सनी जींस-पैंट तथा लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में अंधविश्वास से जुड़े पहलुओं के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।