पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। जनपद पंचायत अभनपुर के ग्राम पंचायत चिपरीडीह में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जुड़े परिवार की परेशानी को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। पब्लिक स्वर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवार को वर्षाऋतु तक अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है।
जनपद पंचायत अभनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की ओर से जारी ज्ञापन में ग्राम पंचायत चिपरीडीह के सरपंच और सचिव को निर्देशित किया गया है कि केवल राम साहू, पिता रमेश साहू और उनके परिवार को ग्राम चिपरीडीह के वार्ड नंबर 04 स्थित पुराने सामुदायिक भवन में वर्षाऋतु तक अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि केवल राम साहू वर्तमान में अपने परिवार के साथ एक झोपड़ी में निवास कर रहे हैं। वर्षाऋतु को देखते हुए उन्होंने किसी शासकीय भवन में अस्थायी रूप से रहने के लिए आश्रय उपलब्ध कराने की मांग की थी। परिवार की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पुराने सामुदायिक भवन को अस्थायी आश्रय के रूप में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर, ग्राम पंचायत चिपरीडीह के सरपंच-सचिव और स्वयं केवल राम साहू को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री आवास को तोड़े जाने और परिवार के सामने बारिश के मौसम में रहने की समस्या को लेकर पब्लिक स्वर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से परिवार को तत्काल अस्थायी आश्रय देने की पहल की गई है। हालांकि, परिवार को स्थायी आवास और आवास योजना से जुड़ी मूल समस्या का समाधान कब तक मिलता है, यह देखने वाली बात होगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने कुछ समय पहले नकटी गांव में प्रधानमंत्री आवास से जुड़े विवाद की याद भी ताजा कर दी है, जहां आवास और विस्थापन को लेकर मामला चर्चा में आया था।

User 1






.jpeg)






