राजनीति
अमित जोगी का नया छत्तीसगढ़ी गीत रिलीज, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
पब्लिक स्वर,रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का नया छत्तीसगढ़ी गीत ‘कौआ सॉन्ग’ रिलीज हो गया है। गीत के बोल ‘जागो रे बघुआ छत्तीसगढ़ के, कोलिहा मन ललकारत हे’ हैं। रिलीज के बाद यह गीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अमित जोगी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर गीत को शेयर करते हुए छत्तीसगढ़ी संस्कृति, माटी और अस्मिता से जुड़े संदेश को सामने रखा है।
अमित जोगी ने पोस्ट में लिखा, “हमर मंदिर, हमर देवता, हमर माटी। जब छत म कौवा बैठ जाथे अउ ख़ुद ल हमर देवता ले बड़े समझथे तब गाना नहीं- ललकार निकलथे। जय छत्तीसगढ़ महतारी!”
गीत के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी, देवी-देवताओं और स्थानीय स्वाभिमान का उल्लेख करते हुए लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया गया है। गीत में ‘मंदिर के छत म कौवा बैठे, देवता ले बड़े बाजत हे’ और ‘जागो रे बघुआ छत्तीसगढ़ के, कोलिहा मन ललकारत हे’ जैसे बोल शामिल हैं।
गीत के अंत में ‘जागो रे बघुआ, जागो रे बघुआ, माटी दाई पुकारत हे’ के जरिए छत्तीसगढ़वासियों से अपनी माटी और पहचान के प्रति सजग रहने की अपील की गई है।
अमित जोगी द्वारा सोशल मीडिया पर गीत साझा किए जाने के बाद समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसे लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। गीत के बोलों में इस्तेमाल किए गए स्थानीय छत्तीसगढ़ी शब्द और प्रतीक इसे राजनीतिक-सामाजिक संदेश से जोड़ते हुए नजर आते हैं।