पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्रा में प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 (ग्रामीण) योजना की अंतिम पात्रता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत कुर्रा के पंच एवं सभापति जगेश्वर साहू ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जनपद पंचायत अभनपुर को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि कई पात्र हितग्राहियों के नाम अंतिम सूची से बिना कारण हटा दिए गए, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि जिन हितग्राहियों के नाम हटाए गए हैं, वे प्रारंभिक पात्रता सूची में शामिल थे और उनका नियमानुसार सर्वे एवं सत्यापन भी किया जा चुका था। इसके बावजूद अंतिम सूची में उनके नाम नहीं रखे गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि नाम हटाने के संबंध में न तो कोई लिखित सूचना दी गई और न ही कोई कारण बताया गया। आवेदन में इस कार्रवाई को योजना के दिशा-निर्देशों, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों तथा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 की भावना के विपरीत बताते हुए मामले की जांच की मांग की गई है।
पंच जगेश्वर साहू ने CEO से मांग की है कि अंतिम सूची से हटाए गए पात्र हितग्राहियों के नाम पुनः जोड़े जाएं और उन्हें प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 (ग्रामीण) योजना का लाभ दिया जाए। साथ ही यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए।

User 1















