पब्लिक स्वर,धमतरी/ धमतरी जिले के युवाओं के लिए सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर जल्द ही आने वाला है। भारतीय सेना द्वारा आगामी जनवरी माह में धमतरी में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित किए जाने की संभावना है।
इस संबंध में सेना के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल अरुण कालिया, मेजर रूबेश कुमार और अधिकारी गोहन सुंदरम ने सोमवार को कलेक्टर अविनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार से सौजन्य मुलाकात की। बैठक में भर्ती रैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि युवाओं को सेना में सेवा का अवसर मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन रैली के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेगा। वहीं, एसपी परिहार ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर ठोस व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी ने सेना अधिकारियों के साथ इंडोर स्टेडियम खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मैदान में आधारभूत ढाँचे, पानी, स्वास्थ्य, यातायात और शैक्षिक पटल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
गौरतलब है कि अग्निवीर योजना भारत सरकार की अग्निपथ योजना का हिस्सा है। इसमें चयनित युवाओं को 4 वर्ष की सेवा अवधि दी जाती है। सेवा उपरांत 25 प्रतिशत उम्मीदवारों को स्थायी रूप से सेना में शामिल किया जाता है। भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा, चिकित्सा जांच और दस्तावेज सत्यापन शामिल है।
कलेक्टर ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर देश सेवा के लिए आगे आएँ।

User 1













