पब्लिक स्वर,धमतरी। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद-उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए धमतरी जिला प्रशासन ने कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत कृषि विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई में अवैध रूप से भंडारित 120 बोरी यूरिया जब्त किया गया, एक कृषि केंद्र का उर्वरक लाइसेंस निरस्त कर दिया गया, जबकि चार प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार खरीफ मौसम में किसानों को किसी भी प्रकार की खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए धमतरी और विकासखंड स्तर पर विशेष निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। ये दल जिलेभर के उर्वरक विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्षा कृषि केंद्र, भानपुरी में 120 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया। उर्वरक निरीक्षक ने मौके पर ही पूरे स्टॉक को जब्त करते हुए उसके विक्रय पर रोक लगा दी। मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं मेसर्स अशोक ट्रेडर्स का उर्वरक लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान को लाइसेंस मिलने के बावजूद पिछले दो वर्षों से उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया जा रहा था। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान हनुमान कृषि केंद्र (खरेंगा), उपकार ट्रेडर्स (कंडेल), पवन ट्रेडर्स (कंडेल) और अंजनेय कृषि केंद्र (झिरिया) में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में खाद-बीज की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के लिए निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके और खेती प्रभावित न हो।

User 1













