पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) मंगलवार को प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विधायकों से मुलाकात कर उनसे लिखित सहमति मांगेंगे कि वे गरीबों के उजड़े आशियानों की जमीन पर प्रस्तावित विधायक आवास स्वीकार नहीं करेंगे।
AAP का कहना है कि यदि किसी गरीब परिवार का घर उजाड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी ने इस मुद्दे को गरीबों, किसानों और आम नागरिकों के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा बताते हुए राज्यव्यापी जनअभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
अभियान के तहत पार्टी के प्रतिनिधिमंडल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संबंधित विधायक को ज्ञापन और सहमति-पत्र सौंपेंगे। साथ ही उनसे लिखित रूप में यह स्पष्ट करने की मांग करेंगे कि वे ऐसी किसी आवासीय योजना का समर्थन नहीं करेंगे, जो गरीब परिवारों के विस्थापन की कीमत पर तैयार की जा रही हो।
AAP ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय, संवेदनशीलता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान में प्रदेश पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों सहित सभी कार्यकर्ताओं को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक जिले से अभियान की फोटो, वीडियो और विस्तृत रिपोर्ट उसी दिन प्रदेश कार्यालय भेजने के लिए कहा गया है।
पार्टी का कहना है कि यह केवल नकटी गांव का मामला नहीं है, बल्कि उन सभी गरीब परिवारों के अधिकारों की लड़ाई है, जिन्हें विकास परियोजनाओं के नाम पर कभी भी बेघर होने का खतरा रहता है। AAP ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

User 1














