राजनीति
पिकनिक मनाने पहुंचे युवक की वॉटरफॉल में डूबने से मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वॉटरफॉल में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रायपुर से अपने पांच दोस्तों के साथ यहां घूमने आया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। रेस्क्यू टीम गहरे पानी में युवक को तलाशने और शव को बाहर निकालने के लिए अभियान चला रही है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रही है।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, युवक अपने दोस्तों के साथ गजपल्ला वॉटरफॉल घूमने पहुंचा था। सभी पिकनिक मना रहे थे। इसी दौरान युवक नहाने के लिए पानी में उतरा और अचानक गहरे हिस्से में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दी।
वॉटरफॉल में सुरक्षा को लेकर सवाल
हादसे के बीच गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों की लापरवाही भी सामने आई है। यहां कुछ युवक जोखिम उठाकर स्टंट करते नजर आए। प्राकृतिक पर्यटन स्थल होने के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं, ऐसे में गहरे पानी और फिसलन वाले हिस्सों में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
युवक की डूबने से हुई मौत ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड, निगरानी, सुरक्षित क्षेत्र की स्पष्ट पहचान और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई जारी है। हादसे में मृत युवक की पहचान समेत घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।