Header Ad


देश post authorUser 1 29 June 2025

सीमा पर संदिग्ध हालात में युवक और नाबालिग लड़की की मौत,प्रेम कहानी या घुसपैठ? जांच जारी



post

पब्लिक स्वर,राजस्थान/ राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतकों में एक 18 वर्षीय युवक और एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की शामिल है। दोनों के शव साधेवाला क्षेत्र में भारत-पाक सीमा से करीब 10-12 किलोमीटर भीतर भारतीय सीमा में बरामद किए गए हैं। घटना स्थल से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और आईडी कार्ड मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।


शवों की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत लगभग एक सप्ताह पहले हुई होगी। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल से किसी प्रकार का हथियार या जहरीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को रामगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी संभावित एंगल्स से जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार, मृत युवक की पहचान आईडी कार्ड के आधार पर रवि कुमार (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है। लड़की की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए तनोट पुलिस, जैसलमेर पुलिस, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है ताकि दोनों के भारत में प्रवेश और उनके इरादों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।


फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि मामला सीमा पार प्रेम प्रसंग का है, घुसपैठ की कोशिश थी या किसी बड़ी साजिश की तैयारी थी। पाकिस्तानी सिम कार्ड और आईडी कार्ड की मौजूदगी ने इस पूरे घटनाक्रम को और अधिक संदिग्ध बना दिया है।

सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और इनके भारत में प्रवेश की मंशा को लेकर तस्वीर साफ हो पाएगी।



PUBLICSWARNEWS BAUDARNEWS YUVAKORNABALIGKILASHNEWS PAAKSIMBARAMADNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER