राजनीति
खाना खाने पहुंचे ट्रांसपोर्ट कारोबारी को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया! अपहरण या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास की बताई जा रही है। यहां काले रंग की स्कॉर्पियो में पहुंचे तीन लोगों द्वारा ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाने की शिकायत सामने आई है। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की है। बताया जा रहा है कि प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया। जैसे ही वे नीचे पहुंचे, कथित तौर पर उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाया गया और वाहन वहां से रवाना हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने प्रतीक राय से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक UP 32 RR 7454 को अहम सुराग माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन मोबाइल नंबरों और वाहन से जुड़ी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।
खमतराई पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों और लापता कारोबारी की तलाश में जुटी है। फिलहाल प्रतीक राय को किस वजह से और कहां ले जाया गया, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।