Header Ad


आवारा कुत्ते ने 13 लोगों को काटा, नगर में दहशत का माहौल



post

पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के हमले से दहशत का माहौल है। अलग-अलग इलाकों में कुत्ते ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया। घटना में अब तक 13 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुत्ते के काटने से किसी के हाथ तो किसी के पैर में चोट आई है।

घटना के बाद सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

अलग-अलग जगहों पर अचानक किया हमला

स्थानीय जानकारी के अनुसार, आवारा कुत्ते ने डौंडीलोहारा नगर के अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अचानक अपना निशाना बनाया। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुत्ते के हमले के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

60 वर्षीय महिला सहित कई लोग घायल

टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान में काम करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। इसी तरह शशिकला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं, तभी कुत्ते ने उनके हाथ और पैर में काट लिया।

वहीं, 60 वर्षीय मानो बाई चिल्हाटीकला गांव से बैंक के काम से डौंडीलोहारा आई थीं। इस दौरान आवारा कुत्ते ने उन्हें भी काटकर घायल कर दिया। इन तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

घटना के बाद बढ़ी लोगों की चिंता

एक ही कुत्ते के हमले में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने के बाद नगरवासियों में डर का माहौल है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी बरत रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और नगर प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ सकती हैं।

फिलहाल सभी घायल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BALOD NEWS, DAUNDILOHRA NEWS, BALOD DAUNDILOHRA NEWS, AVARA KUTTA NEWS, AWARA KUTTE NE 13 LOGON KO KATA NEWS, TEEN KI HALAT GAMBHIR NEWS, AVARA KUTTE KE KATNE SE TEEN KI HALAT GAMBHIR NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER