पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम झिंकाबहाल में एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर कच्चे मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के अंदर सो रहे समारू राम ओगरे और उनकी पत्नी बाल-बाल बच गए। ट्रेलर के जोरदार टक्कर से घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दंपती कुछ देर के लिए घबराकर बाहर निकल आए।
घटना की जानकारी रात में ही गांव में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय भारी वाहन चालक तेज रफ्तार और नशे की हालत में गाड़ी चलाते हैं, जिसकी वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर तमनार पुलिस और ट्रेलर मालिक संघ के अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
करीब दोपहर 2 बजे वाहन मालिक से चर्चा के बाद पीड़ित परिवार को मुआवजे की राशि दिलाई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया और आवाजाही सामान्य हो गई।

User 1












