पब्लिक स्वर,कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा मेगा परियोजना में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोयला फेस में डंपिंग के लिए गया लगभग 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर ऑपरेटर राघवेंद्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर लेकर कोयला फेस में डंपिंग कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और डंपर फिसलते हुए नीचे जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भारी वाहन ऊपर से स्लाइड होते हुए करीब तीन बार पलटा और फिर नीचे जाकर सीधा हो गया। हादसे का दृश्य बेहद भयावह बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ऑपरेटर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते डंपर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि गिरने और वाहन के झटकों की वजह से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी, सुरक्षा अमला और तकनीकी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से पलटे डंपर को हटाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य कर्मचारी या वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई। कर्मचारियों का आरोप है कि परियोजना में सुरक्षा मानकों का पालन केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। भारी वाहनों की आवाजाही वाले संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

User 1









